हरिद्वार। देव गंगा व्यापार मण्डल के महामंत्री पंकज माटा ने पुष्कर सिंह धामी के लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की। प्रैस को जारी बयान में पंकज माटा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनता ने भाजपा को उत्तराखण्ड में लगातार दूसरी बार सरकार गठन का जनादेश दिया है। अपने पिछले छोटे से कार्यकाल में ही अपनी कार्यशैली व प्रशासनिक क्षमता से पुष्कर सिंह धामी जनता का मन जीतने में कामयाब रहे हैं। उनके एक बार फिर मुख्यमंत्री बनने से जनता में हर्ष की लहर है। सभी को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को पूरा करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाएंगे और उत्तराखण्ड के विकास की गति तेज होगी। माटा ने कहा कि मुख्यमंत्री को कोरोना काल से ही समस्याओं का सामना कर रहे व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए। उम्मीद जतायी कि मुख्यमंत्री व्यापारियों की समस्याओं का संज्ञान लेकर मदद के लिए कदम उठाएंगे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment