हरिद्वार। शहर व्यापार चुनाव संचालन समिति की एक बैठक शनिवार को स्थानीय होटल में हुई। बैठक में दोनों चुनाव संयोजक सुभाषचन्द, अरविंद शर्मा और चुनाव अधिकारी महाराज कृष्ण सेठ, अवधेश कुमार शर्मा, मनोज सिंघल शामिल हुए। बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 अप्रैल को मतदाता सूची आम व्यापारियों के अवलोकनार्थ 12 बजे से 5 बजे तक रखी जाएगी। 26 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से 5 बजे तक आपत्ति दर्ज की जा सकेगी। इसके बाद 28 अप्रैल को दोपहर 12 बजे सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद उसी दिन नामांकन पत्र लिए जा सकेंगे। मीडिया को दी गई जानकारी में बताया गया कि 29 अप्रैल को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन किया जा सकता है। उसी दिन शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 30 अप्रैल को शाम 5 बजे तक नाम वापस लिया जा सकेगा। उसके बाद 4 मई को मतदान होगा। मतदान का समय सुबह 11 से 3 बजे तक रहेगा। परिणाम उसी दिन शाम तक घोषित किया जाएगा। मतदान का स्थल काली कमली धर्मशाला होगा।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment