मां मनसा देवी ट्रस्ट के नाम से फर्जी ट्रस्ट बनाकर चंदा वसूली करने के मामले में नौ के खिलाफ मुकद्मा दर्ज
हरिद्वार। मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के नाम से मिलता-जुलता ट्रस्ट बनाकर श्रद्धालुओं से अवैध चंदा एकत्रित करने का मामला सामने आया है। फर्जी ट्रस्ट बनाने के आरोप में नौ लोगों के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकद्मा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल शर्मा की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि मां मनसा देवी मंदिर धर्मार्थ ट्रस्ट के नाम से बीते फरवरी माह में फर्जी ट्रस्ट पंजीकृत कराया गया था। आरोप है कि मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के नाम और राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क हरिद्वार के पते का प्रयोग कर मां मनसा देवी ट्रस्ट के नाम से मिलते-जुलते मां मनसा देवी मंदिर धर्मार्थ ट्रस्ट का बीते फरवरी माह में सब रजिस्ट्रार कार्यालय हरिद्वार में पंजीकरण करा लिया। जिसमें राजाजी टाइगर रिजर्व का क्षेत्र का पता दर्शाया गया है। सुरेश तिवारी को ट्रस्ट का अध्यक्ष, वासु सिंह को सचिव, अश्वनी शुक्ला को कोषाध्यक्ष, आकाश शर्मा, विनोद चैधरी, हितेश राजपुरोहित, हिमांशु शर्मा सदस्य दर्शाया गया। आरोप है कि मनसा देवी मंदिर के नाम पर धोखाधड़ी करते हुए श्रद्धालुओं से दान एकत्र करने की नीयत से ये सब किया गया है। नगर कोतवाली के एसएसआई मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि आरोपी सुरेश तिवारी, ठाकुर संिह, सुदामा शुक्ला, अश्वनी शुक्ला निवासी निर्मला छावनी, आकाश शर्मा निवासी रामघाट, विनोद चैधरी निवासी बुढ़ी माता मंदिर कनखल, हितेश राजपुरोहित के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने बताया कि सुरेश तिवारी मंदिर का ही एक कर्मचारी है। वह पुजारी भी नहीं है। बताया कि सुरेश तिवारी पर लगे आरोपों के चलते उसे मंदिर से निकाला जा रहा है।
Comments
Post a Comment