हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन किसान उत्थान के जिला अध्यक्ष इरशाद अली ने आसमान छू रही महंगाई पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि महंगाई खत्म करने का वादा कर सत्ता में आयी मोदी सरकार को आम जनता की परेशानियों से कोई मतलब नहीं रह गया है। उद्योगपतियों के हित पूरे करने में लगी मोदी सरकार की गलत नीतियों के चलते महंगाई लगातार बढ़ रही है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्य तेल सहित तमाम जरूरी चीजों के दाम निरंतर बढ़ रहे हैं। महंगाई के चलते किसान, गरीब, मजदूर के लिए परिवार के लिए दो वक्त का भोजन जुटाना भी मुश्किल हो रहा है। सरकार की नीतियों के चलते मध्यम वर्ग भी भारी कठिनाईयों का सामना कर रहा है। लेकिन सरकार लोगों को राहत देने के लिए कोई कदम उठाने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने के लिए तत्काल कदम उठाए। साथ ही चीनी मिलों पर किसानों के बकाए का शीघ्र भुगतान किया जाए। जिससे किसानों को राहत मिल सके। प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी पाल ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों से समाज का प्रत्येक वर्ग परेशान है। महंगाई से लोगों का बुरा हाल है। अनाज, दाल, फल, सब्जी, दवाईयों सहित सभी आवश्यक वस्तुओं के दाम आम जनता की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं। महंगाई के साथ बढ़ती बेरोजगारी स्थिति को और गंभीर बना रही है। युवा वर्ग रोजगार के लिए धक्के खा रहा है। रोजगार देने के बजाए मोदी सरकार युवाओं को झूठे आश्वासन दे रही है।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment