हरिद्वार। जीएसटी को लेकर आ रही दिक्कतों को लेकर ज्वालापुर शहर व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मंडल ने सयुंक्त आयुक्त राज्य कर हरिद्वार और सयुंक्त आयुक्त राज्य कर रुड़की के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक शनिवार को रोशनाबाद कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों की जीएसटी संबंधित समस्याओं पर विभाग के अधिकारियों से विचार विमर्श किया। शहर अध्यक्ष विपिन गुप्ता ने कहा कि जीएसटी रजिस्टर्ड सभी व्यापारियों को सरकार की ओर से पांच लाख रुपये का दुर्घटना मृत्यु बीमा दिया जाता है। यह जानकारी अक्सर बहुत से व्यापारी को नहीं होती। इसके अतिरिक्त जो व्यापारी समाधान स्कीम में आते हैं उनको पिछले तिमाही की तुलना में लेख उपलब्ध कराना अनिवार्य नहीं होता, जो बिक्री वास्तव में हुई है उसी का विवरण देना होता है। स्क्रूटनी को लेकर व्यापारियों के मन में अक्सर भ्रम रहता है। स्क्रूटनी में विभाग केवल आपसे जानकारी प्राप्त करेगा कि आपके द्वारा दिया गया विवरण गलत तो नहीं है, जिसका निवारण भी संभव है। महामंत्री विक्की तनेजा ने विभाग के अधिकारियों से जानकारी लेकर कहा कि कोई भी व्यापारी कभी भी अपनी किसी भी शंका का समाधान विभाग के अधिकारियों से जानकारी लेकर कर सकते हैं। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम प्रकाश विरमानी,कटहरा बाजार के व्यापारी रमन कटियार आदि उपस्थित रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment