हरिद्वार। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र तेश्वर ने कहा कि अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस भारत में विभिन्न तरह के नामों व जातियों से पुकारे जानें वाले सफाई मजदूरों का पहला बडा सफाई मजदूर संगठन है। कनखल स्थित कैंप कार्यालय पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष सुरेंद्र तेश्वर ने बताया कि सफाई मजदूरों की अखिल भारतीय स्तरीय की ट्रेड यूनियन सफाई मजदूर कांग्रेस के प्रति राजनेताओं व आम लोगों में कई भ्रांतियां हैं। उन भ्रांतियों को दूर करना जरूरी है। तेश्वर ने बताया कि अखिल भारतीय मजदूर कांग्रेस ट्रेड यूनियन एक्ट के अन्तर्गत पंजीकृत सफाई मजदूरों का स्वतंत्र संगठन है तथा इसका किसी राजनैतिक दल से कोई संबंध नही है। संगठन में सभी राजनीतिक विचार धाराओं के लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य सफाई पेशे में लगे मजदूरों के हितों के लिए संघर्ष करना है। संगठन विभिन्न निकायों, विभागों में कार्यरत व स्वतंत्र रूप से कार्य करने वाले सफाई मजदूरों की समस्याओं को सरकार व शासन के समक्ष रखकर समाधान कराने का प्रयास करता है। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ने सफाई मजदूरों की समस्याओं को लेकर कई बड़े आंदोलन किए हैं और समस्याओं का समाधान कराने में सफलता प्राप्त की है। बैठक की अध्यक्षता आत्माराम बेनीवाल तथा संचालन प्रदेश महामंत्री राजेंद्र श्रमिक ने किया। बैठक में कार्यवाहक अध्यक्ष अशोक तेश्वर,संजय पिहवाल, बन्टी चंचल, राजू खैरवाल आदि शामिल रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment