हरिद्वार। गुरुकुल कांगडी विवि के प्राचीन भारतीय इतिहास विभाग तथा सत्यम कला एवं संस्कृति संग्रहालय और सागर मध्य प्रदेश के संयुक्त तत्वाधान में सत्यकेतु विद्यालंकार भवन में प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। प्रदर्शनी का शुभारंभ विवि कुलपति प्रो. रूपकिशोर शास्त्री ने किया। प्रो. रूप किशोर शास्त्री ने कहा कि इतिहास से जुड़े दस्तावेज हमारी पुरातन धरोहर हैं। जिनको भुलाया नहीं जा सकता। भारतीय संस्कृति सम्पूर्ण विश्व का पोषण करने वाली है। विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश शर्मा ने कहा कि शैक्षिक दृष्टि से प्रदर्शनी इतिहास को करीबी से जानने का अवसर प्रदान करती है। संयोजक प्रो. प्रभात कुमार ने कहा कि इतिहास, वर्तमान के लिए समाधान की युक्ति है। प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण भगवान कृष्ण की 70 वर्ष पुरानी हस्तकलाओं के दुर्लभ चित्र, भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की स्मृतियां, देश का सन 1950 में जय हिन्द नाम से जारी पहला डाक टिकट रहे। सत्यम कला एवं संस्कृति संग्रहालय के संस्थापक दामोदर अग्निहोत्री ने विचार रखे। इस अवसर पर वित्ताधिकारी प्रो. वीके सिंह, प्रो. औतार लाल मीणा, प्रो. देवेन्द्र कुमार गुप्ता, प्रो.प्रभात कुमार,डॉ.दीनदयाल वेदालंकार,डॉ. हिमांशु पंडित, सतेन्द्र कुमार,डॉ.दीपक घोष, डॉ.अजय मलिक, डॉ.शिवकुमार चैहान आदि मौजूद थे। संचालन डॉ. हिमांशु पंडित ने किया।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment