हरिद्वार। पेयजल समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने जल संस्थान के खिलाफ खड़खड़ी में प्रदर्शन किया। उन्होंने जल संस्थान पर पेयजल वितरण में लापरवाही का आरोप लगाया। चेतावनी दी कि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो लोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। रविवार को आक्रोशित लोगों ने कहा कि यात्रा सीजन में तीर्थयात्री और स्थानीय लोग पेयजल किल्लत से परेशान हैं। 24 घंटे में महज छह घंटे पेयजल सप्लाई हो रही है। महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि लो प्रेशर के चलते पानी ऊपरी मंजिलों तक नहीं पहुंच पा रहा है। कहा कि मुख्यमंत्री ने कुछ दिन पूर्व हरिद्वार में पानी की समस्या के समाधान के निर्देश जल संस्थान को दिए थे। इसके बाद भी व्यवस्था जस की तस बनी हुई है। कोरा देवी,खड़खड़ी,मायापुर,रामगढ़,नई बस्ती,भीमगोडा,हरकी पैड़ी,भूपतवाला में लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। शिकायत करने पर अधिकारी फोन तक नहीं उठाते हैं। प्रदर्शन करने वालों में विनोद गिरी,मयंक सैनी,एसएन तिवारी,शिवोम शर्मा,भूदेव शर्मा,धर्मपाल प्रजापति,राजेश शर्मा, आशीष अग्रवाल,अमित कमती,सचिन अग्रवाल,रवि कुमार,मोहित कुमार,दीपक मेहता,बंटी कुमार, मनीष धीमान,सुभाष ठक्कर,राजू कुमार आदि मौजूद रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment