हरिद्वार। तीन दिवसीय किसान कुम्भ मे पहुचे भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने लालकोठी में पत्रकारों से वार्ता के दौरान अग्निपथ योजना का विरोध करते हुए कहा कि यह योजना किसान के बच्चों के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि इस योजना के खिलाफ देशभर में आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि अग्निपथ बनने के चार साल बाद किसान का बेटा क्या करेगा। सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए। टिकैत किसानों के तीन दिवसीय कुंभ में यहां पहुंचे हैं। टिकैत ने कहा कि पहले 15 से 21 साल तक की नौकरी थी। अब चार में साल में नौजवान क्या करेगा? उन्होंने कहा कि इस तरह की पॉलिसी भी लानी चाहिए कि एक बार विधायक जो बने वह दोबारा विधायक न बने। देश का नौजवान चार साल ही नौकरी करेगा और विधायक 80-80 साल तक बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि जब विधायकों की पेंशन होती है तो देश के नौजवानों को भी पेंशन मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों ने अब दिल्ली का रास्ता देख लिया है।उत्तराखंड को लेकर टिकैत ने कहा कि पहाड़ पर खेती करने वाले किसानों की फसलों को मंडी तक ले जाना सरकार की जिम्मेदारी में शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहाड़ के किसानों को हिल अलाउंस मिलना चाहिए। उत्तराखंड को ऑर्गेनिक स्टेट घोषित किया जाए। विलेज टूरिज्म पॉलिसी को लागू किया जाए। महंगाई पर उन्होंने कहा कि देश की जनता को उलझाया जा रहा है। सरकारों का काम विकास करना होता है। देश संविधान से चलते हैं। संविधान में सभी धर्मों को बराबर का हक दिया गया है।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment