हरिद्वार। पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर लक्सर के नामित सभासद समेत भाजपा के तीन नेताओं को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। बुधवार शाम 6 बजकर 26 मिनट पर भाजपा के जिला महामंत्री विकास तिवारी ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि नामित सभासद मनीष गोयल, लक्सर मंडल के उपाध्यक्ष मनोज गोयल और महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष ममता गौतम को पार्टी की सदस्यता से छह वर्षों के लिए निष्कासित किया गया है। प्रदेश और जिला नेतृत्व के निर्देशों पर ऐसा किया गया है। बताया जा रहा है कि मनोज गोयल की पत्नी भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ लक्सर वार्ड नंबर 4 में हो रहे उपचुनाव में निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं, जबकि नामित सभासद मनीष गोयल पर आरोप है कि बीते विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी पूर्व विधायक संजय गुप्ता के खिलाफ काम किया था।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment