हरिद्वार। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा राज में सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है। कोशिश की जा रही है कि पंचायतों में सक्षम व्यक्ति न पहुंचे। इसके खिलाफ हरीश रावत ने छह अगस्त से मुख्यमंत्री आवास पर उपवास में बैठने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जितने दिन बैठा जा सकेगा, उतने दिनों का उपवास किया जाएगा। गुरुवार को हरिद्वार में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए गांव-गांव में साजिश कर झगड़े कराए जा रहे हैं। शक्तिशाली और सक्षम व्यक्ति पंचायत में न पहुंच सके इसके लिए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि महंगाई चरम पर है। बेरोजगारी बढ़ रही है। रोजगार बेमानी बात हो गई है। देश की अर्थव्यवस्था लचर है। नेता प्रतिपक्ष ने सभी भर्तियों की निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि तस्वीर साफ हो सके। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि कांग्रेस ने 55 साल में 188 जांच कराई है। भाजपा ने पांच साल में 800 से ज्यादा जांच बैठा दी। जो नेता भाजपा छोड़ते हैं उन पर जांच शुरू हो जाती है। वापस भाजपा में जाने के बाद जांच बंद कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर बेबुनियाद आरोप लगाकर उत्पीड़न किया जा रहा है। भर्ती घोटाले में छोटे कर्मचारियों की गिरफ्तारी की जा रही है। आयोग के पदाधिकारी और अधिकारियों की कोई जांच नहीं की जा रही है।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment