हरिद्वार। जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय ने निरीक्षण के दौरान मनसा देवी रोपवे मार्ग पर गंदगी देखकर कडी नाराजगी जताई,जिलाधिकारी के आदेश पर तत्काल गंदगी को साफ करते हुए कूडादान लगाए गए। शुक्रवार को जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय और एसडीएम हरिद्वार पूरण सिंह राणा निरीक्षण के दौरान मनसा देवी रोपवे मार्ग पर पहुंचे। इस दौरान रेलवे अंडरपास के नीचे गंदगी को देख जिलाधिकारी नाराज हो गए। उन्होंने तत्काल अंडरपास के नीचे साफ सफाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश पर अंडरपास के नीचे गंदगी को साफ करते हुए दीवारों पर भी पुताई की गई और वहां पर कूडादान लगाए गए। इस दौरान एसडीएम पूरण सिंह मनसा देवी मार्ग पर साफ सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम पर खासे नाराज दिखे। उन्होंने बताया कि नगर निगम से प्रत्येक वार्ड में नियुक्त सफाई कर्मचारियों की सूची को तलब किया जाएगा। जिसके आधार पर सफाई व्यवस्था को लेकर आगे भी निरीक्षण किया जाएगा। मनसा देवी मार्ग पर फैल रही गंदगी को लेकर नगर निगम के अधिकारियों को नोटिस भेजकर जवाब तलब किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन मनसा देवी मार्ग पर हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। मनसा देवी मार्ग पर किसी भी प्रकार की गंदगी को लेकर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment