हरिद्वार। कर्मचारी विरोधी नीतियों और विभिन्न मांगों को लेकर नॉर्दन रेलवे मेंस यूनियन (एनआरएमयु) हरिद्वार शाखा के कर्मचारी सदस्य रेलवे अधीक्षक कार्यालय के बाहर एक दिवसीय धरने पर बैठे। कर्मचारियों का आरोप है कि डीआरएम को समस्याओं से कई बार अवगत कराने के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने मांगें न माने जाने पर मुरादाबाद डीआरएम के कार्यालय पर धरने की चेतवनी दी है। शाखा सचिव अजय तोमर और सहायक सचिव दुर्गेश खन्ना ने कहा कि रेल प्रशासन कर्मचारियों का शोषण कर रहा है। हमारी मांग है कि नई पेंशन नीति को रद्द कर पुरानी पेंशन नीति लागू की जाए। रिक्त पदों को तत्काल भरा जाए,पदों का सरेंडर बंद किया जाए। नई भर्ती चालू की जाए ताकि कर्मचारियों पर दबाव कम हो सके। रेल कर्मियों को पूरी सुविधा के साथ, रेलवे आवासों का नवीनीकरण किया जाए। ठेकेदार प्रथा बंद की जाए। बेवजह के ट्रांसफर बंद किये जाएं। मांगें न माने जाने पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं स्टेशन अधीक्षक एमके सिंह का कहना है कि कर्मचारियों की समस्याओं से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। धरना प्रदर्शन के दौरान एसपी सिंह,संजय कुमार,शोभित,शहजाद,राजकुमार, शेर सिंह, दिनेश कुमार आदि उपस्थित रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment