हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरी गांव में महिला प्रधान प्रत्याशी के घर पर तीन अज्ञात बाइक सवारों पर तमंचे लहराने का आरोप लगा है। प्रत्याशी ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ लिखित शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हालांकि पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। गुरुवार सुबह प्रत्याशी कई ग्रामीणों के साथ सिडकुल थाने पहुंचीं। प्रत्याशी का आरोप है कि रात की घटना में शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। बुधवार रात ब्रह्मपुरी गांव में प्रधान प्रत्याशी अंजू अपने घर में थीं। इस दौरान एक बाइक पर तीन युवक उनके घर के बाहर इधर-उधर घूम रहे थे। स्थानीय लोगों की आवाज सुनकर वह बाहर निकल आए। आरोप है कि प्रधान प्रत्याशी के बाहर आते ही उनको तमंचे दिखाए गए। जब आरोपियों का पीछा किया गया तो वह रात के अंधेरे का फायदा उठाकर गलियों से भाग निकले थे। सूचना पर पहुंची सिडकुल पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए चेकिंग अभियान चलाया। लेकिन वह पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार उनियाल ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है। आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली जा रही है। जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment