हरिद्वार। जिला पंचायत सदस्य के लिए टिकट नही मिलने से नाराज कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष का घेराव कर लिया। जिलाध्यक्ष डॉ0जयपाल सिंह चौहान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने उनकी कार को रोक लिया। जिलाध्यक्ष की कार के आगे हंगामा कर रहे कार्यकर्ताओं की जिलाध्यक्ष के चालक से नोकझोंक के साथ धक्कामुक्की हुई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही यह वीडियो बीते गुरुवार की बताई जा रही है, जब भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ.जयपाल चौहान कार्यालय से बाहर जा रहे थे। पथरी के कुछ कार्यकर्ताओं ने उनकी कार को रोक लिया। टिकट को चहेतों को देने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि टिकट का आश्वासन देने के बाद उनके नेता को नजरअंदाज किया गया। कार्यकर्ताओं ने विरोध करते हुए गाड़ी रोक ली इस दौरान एक ने जिलाध्यक्ष की कार के बोनट पर मुक्का मार दिया। इस पर कार चालक कार्यकर्ताओं ने उलझ गया और जमकर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालांकि जिलाध्यक्ष ने लोगों को शांत कराया।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment