हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने नगर मजिस्ट्रेट पर धरना देते हुए यूकेएसएसएससी और विधानसभा में हुई भर्तियों की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। धरने को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष सतीश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आज भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुका है। भाजपा और कांग्रेस ने बारी-बारी से राज्य के नौजवानों के साथ छल किया है। सतीश जोशी ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि राज्य गठन के बाद से अब तक उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग व अन्य माध्यमों से हुई सभी विभागों और सचिवालय के सभी पदों की स्थाई और अस्थाई नियुक्तियों की सीबीआई से जांच कराई जाए। भर्ती घोटाले में शामिल सभी भ्रष्ट मंत्रियों को मंत्रिमंडल से तुरंत बाहर किया जाए, जनपद हरिद्वार से वंचित राज्य आंदोलनकारियों के चयनित सूची जारी की जाए। इस अवसर पर तेज सिंह रावत, प्रमोद कुमार डोभाल, अजब सिंह चौहान, एसएस रावत, ख्यात सिंह रावत, जसवंत सिंह बिष्ट, डीएन जुयाल, सरिता पुरोहित आदि लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए और उत्तराखंड में हुए व्यापक भर्ती घोटाले में सीबीआई जांच की मांग और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment