हरिद्वार। शांतिकुंज प्रमुख डा. प्रणव पण्ड्या के खिलाफ झूठे मुकदमे का षड्यंत्र रचने के आरोप में फरार चल रही पंजाब की महिला को शहर कोतवाली पुलिस ने नैनीताल से गिरफ्तार कर लिया। गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस आरोपी महिला की तलाश में थी। साल 2020 में शांतिकुंज प्रमुख डा. प्रणव पण्ड्या और उनकी पत्नी शैल बाला के खिलाफ छत्तीसगढ़ की एक युवती ने दिल्ली के विवेक विहार थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की साजिश रचने के आरोप में शांतिकुंज के ही कुछ पूर्व सेवादारों का नाम सामने आया था। शहर कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी मनमोहन के अलावा हरगोविंद, तोषण साहू और तीन दिन पहले चन्द्रकला साहू को गिरफ्तार कर लिया था। सुनीता शर्मा पत्नी संजीव शर्मा निवासी पटियाला पंजाब फरार चल रही थी। शहर कोतवाल राकेंद्र कठैत ने बताया कि आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगहों पर दबिश दी गई। महिला के मल्लीताल नैनीताल में होने की सूचना पर एसओ खानपुर अरविंद रतूड़ी की अगुवाई में पुलिस टीम ने छापा मारा, जहां महिला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम आरोपी महिला को गिरफ्तार कर यहां ले आई, जिसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment