हरिद्वार। दिल्ली से मूर्ति विसर्जन करने आए दो किशोरों की गंगा में डूबने से मौत हो गई। करीब ढाई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद शव बरामद कर लिए गए। दो किशोरों की मौत से साथ आए लोगों में कोहराम मचा हुआ है। दिल्ली की पीवीसी मार्केट ज्वालापुरी से एक जत्था यहां गणेश प्रतिमा विसर्जित करने पहुंचा था। सुबह के वक्त हरिद्वार ऋषिकेश हाईवे से सटी विशाल शिव मूर्ति के ठीक पीछे गंगा में मूर्ति विसर्जित की गई, जिसके बाद जत्थे में शामिल रहे लोग नहाने लगे। हालांकि गंगा में जल स्तर कम था लेकिन इसी दौरान एक युवक करन उम्र 18 वर्ष पुत्र ईश्वर पैर फिसलने के कारण डूबने लगा। उसे बचाने के लिए कई लोग पीछे चले गए, उसे तो बचा लिया गया लेकिन दो किशोर डूब गए। दो किशोरों के डूबने से अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। शहर कोतवाली प्रभारी राकेंद्र सिंह कठैत अधीनस्थों के साथ मौके पर पहुंचे। जल पुलिस को मौके पर बुलाया गया। वही पुलिस द्वारा शौकिया गोताखोरों की मदद ली गई। करीब ढाई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गंगा में डूबे अरविंद 17 वर्ष पुत्र रामजी और अभिषेक 17 वर्ष पुत्र संतोष निवासी चित्रकूट धाम करबी थाना करबी जिला चित्रकूट यूपी हाल निवासी ज्वालापुरी पीवीसी मार्केट दिल्ली के शव बरामद हो गए। कोतवाली प्रभारी राकेंद्र सिंह कठैत के अनुसार शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जहां किशोर डूबे हैं, वहां पानी गहरा है।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment