हरिद्वार। पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार के सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। कोरोना के बाद से विकास में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा दल है, जहां पर एक सामान्य कार्यकर्त्ता सर्वोच्च पद पर पहुंच सकता है। उन्होंने यह बात नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति के रूड़की स्थित आवास विकास स्थित कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर कही। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्त्ता कभी विश्राम नहीं करता है। वह हमेशा पार्टी और राष्ट्र के निर्माण में योगदान देता है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार जिले में रुड़की को भी सांगठनिक रूप से जिला का दर्जा दिया गया है। इसका मकसद संगठन को और अधिक मजबूत करना है। छोटी इकाई होगी तो पदाधिकारियों की कार्यकर्त्ता तक पहुंच आसानी से होगी। उन्होंने कहा कि शोभाराम प्रजापति के रूप में संगठन को एक ईमानदार एवं कर्तव्य निष्ठ कार्यकर्त्ता मिला है। जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति ने कहा कि वह प्रत्येक कार्यकर्त्ता को साथ में लेकर चलेंगे। संगठन को मजबूत करने का काम किया जाएगा। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र सिंह उर्फ किरण चौधरी,जिला प्रभारी आदित्य चौहान,पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चौंपियन,केतन भारद्वाज,पूर्व विधायक चंद्रशेखर,गौरव कौशिक,योगेन्द्र पुंडीर,अमन त्यागी,रविन्द्र पनियाला,मनोज त्यागी,भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री धीर सिंह आदि मौजूद रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment