हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के बैरागी कैंप में एक बुजुर्ग व्यक्ति की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गयी। घटना मंगलवार देर शाम की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। शिवलोक कालोनी निवासी सिंचाई विभाग से सेवानिवृत डा.अशोक चढ्ढा ने बैरागी कैंप में डा.अशोक चढ्ढा सेवाश्रम के नाम से आश्रम बनाया हुआ है और लोगों को कमरे किराए पर देते थे। डा.चढ्ढा सवेरे आश्रम जाते थे और दिनभर रहने के बाद शिवलोक स्थित आवास पर लौट आते थे। उन्होंने देखभाल व अन्य कार्यो को लिए एक केयरटेकर भी रखा हुआ था। मंगलवार को केयरटेकर किसी काम से बाहर गया हुआ था। शाम को जब वह वापस लौटा तो डा.अशोक चढ्ढा बाथरूम के पास खून से लथपथ पड़े हुए थे। उसने शिवलोक कालोनी पहुंचकर डा.अशोक के परिजनों को जानकारी दी। कनखल में रहने वाली डा.अशोक की बेटी दीप्ति आश्रम पहुंची और पुलिस को जानकारी दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment