हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन ने रूड़की में साइबर ठगी का शिकार होकर जान गंवाने वाली वृद्ध महिला की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए सभी साइबर फ्राड के प्रति सजगता बरतने की अपील की है। संगठन की बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष चैधरी चरण सिंह ने कहा कि समय-समय पर पुलिस प्रशासन तथा मीडिया व अखबार जनता को साइबर फ्राड के प्रति जागरूक करने के साथ बचने के उपाय भी बता रहे हैं। लेकिन लोग इस ओर ध्यान न देकर आर्थिक नुकसान उठा रहे हैं। आर्थिक नुकसान उठाने के साथ अब लोग जान भी गवां रहे हैं। चैधरी चरण सिंह ने कहा कि रुड़की आदर्श नगर की वृद्ध महिला के साइबर ठगों के झांसे में आकर रकम गवांने के बाद डर से अपनी जान देने की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी के प्रति चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों से जनता को सीख लेनी चाहिए। संगठन को उम्मीद है कि जनता और वरिष्ठ नागरिक आर्थिक शारीरिक और मानसिक परेशानी से बचने के लिए संगठन के निवेदन पर ध्यान देंगे। बैठक में विद्यासागर गुप्ता,हरदयाल अरोड़ा,सुखबीर सिंह,बाबूलाल सुमन,एससीएस भास्कर,सुभाष चंद्र ग्रोवर,अशोक पाल,शिवचरण,चैधरी चरण सिंह,रामसागर सिंह,शिवकुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment