हरिद्वार। निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि मां की शक्ति से बड़ी संसार में कोई शक्ति नहीं है। शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा की आराधना कभी निष्फल नहीं जाती। जो भक्त नवरात्रों में मां दुर्गा की आराधना और पूजन करते हैं। मां दुर्गा की कृपा से उनके सभी संकट और कष्ट दूर हो जाते हैं। श्री दक्षिण काली मंदिर में आयोजित नवरात्र उत्सव के सातवें दिन भक्तों को संबोधित करते हुए स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि मां दुर्गा आसुरी शक्तियों का नाश कर अपने भक्तों की रक्षा करती है। श्री दक्षिण काली मंदिर में मां काली साक्षात रूप से विराजमान हैं। नवरात्रों में मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को मां काली के साथ बाबा कामराज की कृपा और आशीर्वाद भी प्राप्त होता है। जो भक्त नियमित रूप से मां दक्षिण काली के दर्शन करने आते हैं। उनके जीवन में आने वाले सभी विघ्न और बाधाएं दूर हो जाती हैं। परिवार में सुख समृद्धि का वास होता है। स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के शिष्य स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी ने बताया कि मंदिर में आयोजित नवरात्र उत्सव के दौरान विश्व कल्याण के लिए कई धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के पुष्पों से मां भगवती का भव्य श्रंग्रार किया जा रहा है।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment