हरिद्वार। प्रथम नवरात्र पर श्यामपुर कांगड़ी स्थित शिवालय निकेतन ट्रस्ट धाम में विशेष नवरात्र अनुष्ठान शुरू किया गया। आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी बिपनानंद महाराज ने बताया कि नौ दिनों तक चलने वाले विशेष अनुष्ठान में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मां दुर्गा की आराधना की जाएगी। प्रतिदिन देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन किया जाएगा। स्वामी बिपनानंद महाराज ने कहा कि नवरात्र आराधना में देवी स्वरूपा कन्याओं के पूजन का विशेष महत्व है। कन्या पूजन करने से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और भक्त का कल्याण करती हैं। स्वामी नागेंद्र महाराज ने कहा कि नवरात्रों मां दुर्गा की आराधना करने के साथ सभी को देवी स्वरूपा कन्याओं के संरक्षण संवर्द्धन का संकल्प भी अवश्य लेना चाहिए।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment