हरिद्वार। उत्तराखंड क्रांति दल के महानगर अध्यक्ष गोकुल सिंह रावत ने यूकेडी व्यापार प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष की कार में आग लगाने वाले आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर रोष व्यक्त करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रेस को बयान जारी करते हुए गोकुल सिंह रावत ने कहा है कि वरिष्ठ व्यापारी नेता व व्यापार प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष सुमित अरोड़ा की कार को आग लगाने वाले व जान से मारने की धमकी देने वाले को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पायी है। पुलिस जल्द आरोपी को गिरफ्तार करे। अन्यथा महानगर कार्यकर्ता आंदोलन करने को बाध्य होंगे। गोकुल सिंह रावत ने कहा कि सात दिन बाद भी आरोपी फरार है। जिससे पुलिस की कार्यशैली पर आम जनता का विश्वास खत्म हो रहा है। आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उस पर गंुडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment