हरिद्वार। भाजपा ने अंततोगत्वा हरिद्वार मेयर सीट के लिए निवृतमान पार्षद किरण जैसल के नाम पर ही मुहर लगा दी है। रविवार को पार्टी हाईकमान ने उनका नाम फाइनल कर दिया। किरण जैसल मायापुर क्षेत्र से तीन बार की पार्षद हैं। उनके पति सुभाष चंद भी इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह पालिका के दौर में उपनेता प्रतिपक्ष भी रहे हैं। सुभाषचंद को हरिद्वार विधायक व पूर्व मंत्री मदन कौशिक का निकटस्थ माना जाता है। किरण जैसल के रूप में भाजपा के कांग्रेस के समक्ष मजबूत चुनौती रखने से हरिद्वार मेयर का चुनाव रोचक हो चला है। टिकट की घोषणा होते ही समर्थकों ने मौके पर पहुचकर स्वागत किया।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment